दुधमुंहे बच्चे को लेकर ड्यूटी करने वाली महिला कॉन्स्टेबल पर क्यों बिठाई जांच?

दुधमुंहे बच्चे को लेकर ड्यूटी करने वाली महिला कॉन्स्टेबल पर क्यों बिठाई जांच?

चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया वायरल है। हालांकि अब इस वीडियो को लेकर चंडीगढ़ पुलिस ने अपनी जांच बिठा दी है। उम्मीद है कि सच जल्द सामने आ जाएगा! दरअसल शुक्रवार को चंडीगढ़ में एक महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मी को अपने दुधमुंहे बच्चे के साथ ट्रैफिक कंट्रोल करते देखा गया। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड़ कर दिया। देखते ही देखते ये वीडियो वायरल हो गया। जिस पर कमेंट्स करते हुए किसी ने महिला को मां और ड्यूटी के फर्ज के लिए सेल्यूट किया तो किसी ने विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।

क्या है पूरा मामला?

कांस्टेबल प्रियंका की ड्यूटी सुबह की शिफ्ट में सेक्टर 15-16-23-24 चौक के समीप थी। सुबह आठ बजे की टाइमिंग पर इंस्पेक्टर गुरजीत कौर को महिला कांस्टेबल ड्यूटी पर नहीं मिली। ड्यूटी पर तैनात दूसरी महिला कांस्टेबल से पूछताछ कर प्रियंका की अनुपस्थिति मार्क कर दी गई। इसके बाद ट्रैफिक लाइन में कांस्टेबल प्रियंका अपने बच्चे के साथ ड्यूटी करने पहुंच गई।

जिन्होंने गैर हाजिरी लगाई, उन्हीं को सौंपी जांच!

महिला चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस में कांस्टेबल है। फिलहाल महिला के खिलाफ विभागीय जांच चल रही है। जांच की जिम्मेदारी सेंट्रल डिविजन की इंस्पेक्टर गुरजीत कौर को सौंपी गई है। गौर करने वाली है कि जिन्होंने प्रियंका की गैर हाजिरी लगाई, अब विभागीय जांच की जिम्मेदारी भी उन्हीं को सौंपी गई है। इधर इस पूरे मामले को लेकर महकमे के अफसरों का कहना है कि महिला कांस्टेबल ड्यूटी पर देर से पहुंची थी। इसलिए गैर हाजिर होने की वजह से उसके खिलाफ जांच के आदेश दिए थे।

पुलिस लाइन में है क्रेच की सुविधा

विभाग के आला अधिकारियों का कहना है कि पुलिस लाइन में मुलाजिमों के बच्चों के लिए क्रेच की सुविधा मौजूद है। यहां सभी प्रकार की सुविधाएं भी हैं। वहीं इस मामले को लेकर डीएसपी ट्रैफिक एवं पीआरओ चरणजीत सिंह का कहना है कि महिला कांस्टेबल सुबह की ड्यूटी पर देरी से पहुंची थी। जब उसकी अनुपस्थिति लगा दी गई तो उसने हंगामा कर दिया। अधिकारियों के आदेश की अनदेखी के मामले में उनके खिलाफ इंस्पेक्टर गुरजीत कौर को जांच सौंपी गई है।

Share

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *