नवनिर्वाचित अध्यक्ष की घोषणा होते ​ही फिर गरजे पूनियांं, पढ़ें क्या बोले..

नवनिर्वाचित अध्यक्ष की घोषणा होते ​ही फिर गरजे पूनियांं, पढ़ें क्या बोले..

जयपुर. भाजपा प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय पर्यवेक्षक केन्द्रीय राज्यमंत्री नित्यानन्द राय और बैजयंत पाण्डा ने प्रदेशाध्यक्ष के लिए निर्विरोध निर्वाचित डाॅ. सतीश पूनियां के नाम की घोषणा की। साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई। आपको बता दें कि शुक्रवार सुबह से ही प्रदेशभर से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां को बधाई देने के लिए पहुंच गए।

कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डाॅ. सतीश पूनियां ने कहा कि कार्यकर्ताओं का आशीर्वाद हमारी ताकत है। राजस्थान में भाजपा एक अनुशासित और संस्कारित पार्टी बने, यह मिशाल पूरे देश में हो। हम सब मिलकर एक अच्छी अनुशासित और संगठनात्मक टीम तैयार करेंगे। इस जिम्मेवारी और चुनौती को मैं स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के अनुशासन, संस्कार एवं मर्यादा का मेरे सहित चाहे वो बड़ा हो या छोटा हो, जो भी उल्लंघन करेगा उनको बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। क्योंकि हम समाज को बदलने और राजनीति को बदलने के नारे लगाते हैं। इससे पहले हम भाजपा के विचार, संस्कार एवं मर्यादा के अनुरूप आचरण करें।

उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मेरे लिए कहा नये-नये मुल्ला बने हैं, इसलिए ज्यादा बांग दे रहे हैं। इस पर मैंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं अपने बेटे को राजनीति में स्थापित नहीं कर पाये, इससे उनकी मानसिक स्थिति व उम्र का असर दिखाई पड़ता है। जब राजनीति में नई पीढ़ी आती है व किसान के बेटे को राजनीति में बढ़ता हुआ देख उनके पेट में दर्द क्यों हो रहा है?

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी की जब गुड माॅर्निंग होती है, तो वो संघ और मोदी जी को कोसना शुरू कर देते हैं और गुड नाईट होने पर भी वो यही करते हैं। ऐसा करने से सोनिया गांधी और राहुल गांधी राजी होते हैं, इसलिए वो ऐसा करते हैं। विकास के नाम पर एक वर्ष में ईंट नहीं लगी और राजस्थान के पूरे विकास को ग्रहण लगा हुआ है। राजस्थान में इतनी अराजकता कभी नहीं देखी गई। प्रदेश में अशोक गहलोत पूरे तरीके से विफल मुख्यमंत्री साबित हुए हैं।

डाॅ. पूनियां को राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री वी. सतीश, केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल, कैलाश चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) चन्द्रशेखर, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, डाॅ. अरूण चतुर्वेदी, सांसद, विधायक एवं अन्य भाजपा नेताओं ने नवनिर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष को बधाई दी।

Share

About Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *